
आजमगढ़। बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर गुरुवार सुबह हुए भीषण सड़क हादसे में आजमगढ़ के एक ही परिवार के चार लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक किशोरी गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसा बांदा जिले के देहात कोतवाली क्षेत्र के हथौरा गांव के पास सुबह करीब 9 बजे हुआ, जहां तेज रफ्तार स्कॉर्पियो सड़क किनारे खड़े ट्रक में पीछे से जा भिड़ी





टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कॉर्पियो के परखच्चे उड़ गए। हादसे में वाहन सवार तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। घायल किशोरी को प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत में कानपुर रेफर किया गया है।मृतकों की पहचान अजीत (38), उनकी मां प्रेमशिला (55), दादी चंद्रावती (80) और चाची निशा विश्वकर्मा (40) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि परिवार महोबा जिले के कबरई कस्बे से आजमगढ़ आया था और वापस लौटते समय यह हादसा हो गया।घटना बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे के चैनेज नंबर 47.8 पर हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार स्कॉर्पियो की रफ्तार काफी तेज थी। पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल ने बताया कि प्रथम दृष्टया चालक को झपकी आने की वजह से हादसा होने की आशंका जताई जा रही है। हादसे के बाद ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है तथा शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।दिवंगत अजीत के चाचा श्याम नारायण और अन्य परिजनों ने बताया कि परिवार के पैतृक गांव आजमगढ़ जिले के ग्राम रामगढ़े आने की जानकारी पहले से थी। हादसे की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया
