
लापरवाही पर कर्मचारी के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश





आजमगढ़।शहर में लगातार बढ़ रही लो वोल्टेज, ओवरलोडिंग और बार-बार ट्रिपिंग की शिकायतों ने आखिरकार बिजली विभाग के आला अधिकारियों को रात में सड़क पर उतरने को मजबूर कर दिया। शुक्रवार देर रात मुख्य अभियन्ता (विद्युत) ने जाफरपुर, रैदोपुर और सिधारी विद्युत उपकेंद्रों का औचक निरीक्षण कर बिजली व्यवस्था की जमीनी हकीकत परखी। निरीक्षण के दौरान कई खामियां सामने आने पर अधिकारियों और कर्मचारियों को कड़े निर्देश दिए गए।
जाफरपुर विद्युत उपकेंद्र पर निरीक्षण के दौरान टीजी-2 कर्मचारी यशवंत कुमार द्वारा विद्युत सप्लाई सही तरीके से फीड न किए जाने की बात उजागर हुई। मामले को गंभीर मानते हुए मुख्य अभियन्ता ने संबंधित कर्मचारी के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश जारी किए।
वहीं सिधारी क्षेत्र में रात करीब 12 बजे एबीसी केबल क्षतिग्रस्त हो जाने से इलाके की बिजली आपूर्ति पूरी तरह बाधित हो गई। सूचना मिलते ही अधिशासी अभियन्ता राजकुमार सिंह और उपखंड अधिकारी मनोज श्रीवास्तव तत्काल मौके पर पहुंचे। दोनों अधिकारी देर रात करीब दो बजे तक मौके पर डटे रहे और कर्मचारियों के साथ मिलकर क्षतिग्रस्त केबल को ठीक कराया।
अधिकारियों की तत्परता के चलते देर रात ही बिजली आपूर्ति बहाल हो सकी, जिससे उपभोक्ताओं को बड़ी राहत मिली। विभागीय अधिकारियों ने दावा किया कि उपभोक्ताओं की समस्याओं के समाधान के लिए लगातार निगरानी और त्वरित कार्रवाई जारी रहेगी।
