भजन, ध्यान और गुरु वंदना के साथ मनाया गया श्रीश्री रविशंकर का 70वां जन्मोत्सव

भजन, ध्यान और गुरु वंदना के साथ मनाया गया श्रीश्री रविशंकर का 70वां जन्मोत्सव


आजमगढ़। आर्ट ऑफ़ लिविंग के प्रणेता एवं विश्व प्रसिद्ध आध्यात्मिक गुरु Sri Sri Ravi Shankar का 70वां जन्मोत्सव शहर के चौक स्थित मारवाड़ी धर्मशाला में श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में ध्यान, गुरु पूजा, भजन संध्या और केक काटकर जन्मदिन मनाने का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।
कार्यक्रम की शुरुआत प्रातः 7:30 बजे आर्ट ऑफ़ लिविंग की टीचर प्रीति रूंगटा एवं रवींद्र बरनवाल द्वारा कराए गए मेडिटेशन से हुई। ध्यान सत्र में उपस्थित लोगों ने ऊर्जा, शांति और आनंद का अनुभव किया।
रात्रि में आयोजित गुरु पूजा एवं भजन संध्या का शुभारंभ प्रीति रूंगटा, अमित मिश्रा, चंद्रभान गुप्ता, ओमप्रकाश एवं रवींद्रनाथ बरनवाल ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि दुनिया के 170 देशों में श्रीश्री रविशंकर जी से जुड़े लोग एक साथ ध्यान और आध्यात्मिक साधना कर रहे हैं।
आश्रम से आए भजन गायक शुकुल जी एवं अंकुर वर्मा ने गणेश वंदना से कार्यक्रम का शुभारंभ किया। उन्होंने “सतगुरु तुम्हारे प्यार में जीना सिखा दिया”, “तेरा मैं-मैं तेरा”, “दुनिया में आए हो रोशनी लाए हो”, “राधे-राधे करके चले आएंगे बिहारी” और “तुम्हारे प्यार ने अच्छा इंसान बना दिया” जैसे भक्तिमय गीत प्रस्तुत कर पूरे वातावरण को भक्तिरस में सराबोर कर दिया।
कार्यक्रम के दौरान रवींद्रनाथ बरनवाल ने कहा कि गुरु जी का संदेश है कि जीवन जीने की कला हर व्यक्ति को सीखनी चाहिए। उन्होंने लोगों से तनावमुक्त और आनंदमय जीवन के लिए आर्ट ऑफ़ लिविंग से जुड़कर सुदर्शन क्रिया अपनाने का आह्वान किया।
इसके बाद प्रीति रूंगटा एवं उपस्थित श्रद्धालुओं ने गुरु जी के जन्मदिन पर केक काटकर एक-दूसरे को खिलाया। कार्यक्रम के समापन पर सभी भक्तों ने प्रसाद ग्रहण किया।
इस अवसर पर सुनीत गुप्ता, सौरभ सेठ, इंदुभूषण अग्रवाल, आशीष गोयल, हरिशंकर, दीनू जायसवाल, अविनाश जालान, सुमित अग्रवाल, बद्री गुप्ता, अमित मोदी ‘टिंकू’, प्रिया सिंह सहित अनेक श्रद्धालु उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!