
आजमगढ़ में एनसीसी का 10 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर शुरू, 500 कैडेट्स को मिलेगा सैन्य अनुशासन और नेतृत्व का प्रशिक्षण



आजमगढ़। 99 यूपी बटालियन एनसीसी के तत्वावधान में आयोजित एनसीसी कैडेटों के 10 दिवसीय वार्षिक प्रशिक्षण शिविर ‘सीएटीसी-313’ का उद्घाटन बुधवार को सर्वोदय पब्लिक स्कूल, घोरठ में किया गया। यह शिविर 26 मई से 4 जून तक संचालित होगा, जिसमें विभिन्न विद्यालयों और महाविद्यालयों के लगभग 500 कैडेट्स हिस्सा ले रहे हैं।
उद्घाटन अवसर पर कैम्प कमांडेंट कर्नल दिनेश शर्मा ने कहा कि भारत की दूसरी रक्षा पंक्ति के रूप में पहचाने जाने वाले एनसीसी संगठन के अंतर्गत आयोजित यह शिविर आगामी राष्ट्रीय कैम्पों के लिए योग्य कैडेटों के चयन और उन्हें “रेजिमेंटल वे ऑफ लाइफ” का प्रशिक्षण देने के उद्देश्य से बेहद महत्वपूर्ण है।
उन्होंने कहा कि एनसीसी का मुख्य उद्देश्य अनुशासित, उच्च चरित्र और राष्ट्रसेवा के प्रति समर्पित युवाओं का निर्माण करना है, ताकि वे भविष्य में भारतीय सेना सहित विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट मानव संसाधन के रूप में देश का नाम रोशन कर सकें।
कर्नल शर्मा ने भीषण गर्मी को देखते हुए सभी कैडेट्स को स्वास्थ्य संबंधी सावधानियां बरतने और किसी भी समस्या की सूचना तुरंत संबंधित अधिकारियों को देने के निर्देश दिए। उन्होंने विश्वास जताया कि शिविर के दौरान होने वाली विभिन्न गतिविधियों और प्रशिक्षण कार्यक्रमों से कैडेट्स को नया अनुभव और व्यक्तित्व विकास का अवसर मिलेगा।
इस अवसर पर एडम ऑफिसर लेफ्टिनेंट कर्नल जेबी सिंह, कैम्प एडजुटेंट कैप्टन मदन मोहन पाण्डेय, ट्रेनिंग ऑफिसर कैप्टन इंद्रजीत, कैम्प क्वार्टर मास्टर लेफ्टिनेंट डॉ. पंकज सिंह, सेकेंड ऑफिसर दिनेश कुमार मिश्रा, सूबेदार मेजर विनोद कुमार, जेसीओ, एनसीओ, पीआई स्टाफ सहित बड़ी संख्या में कैडेट्स मौजूद रहे।
