
कनजरा बाजार में अवैध गैस रिफिलिंग का भंडाफोड़: छापेमारी में 17 सिलेंडर व मशीनें बरामद हुआ



आजमगढ़। जिलाधिकारी के निर्देश पर आपूर्ति विभाग की टीम ने अजमतगढ़-नदवा सराय मुख्य मार्ग स्थित कनजरा दिलशादपुर बाजार में अवैध गैस रिफिलिंग के कारोबार का बड़ा खुलासा किया। छापेमारी के दौरान घरेलू गैस सिलेंडरों से अवैध तरीके से गैस रिफिलिंग करते हुए दुकान संचालक को रंगे हाथ पकड़ लिया गया।
जानकारी के अनुसार यह दुकान सुरेंद्र प्रताप पुत्र लिल्लू निवासी ग्राम छपरा सुल्तानपुर थाना जीयनपुर द्वारा संचालित की जा रही थी। जांच टीम जब मौके पर पहुंची तो आरोपी 14.2 किलो के घरेलू गैस सिलेंडर से दूसरे खाली सिलेंडर में गैस भरता मिला। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि वह आसपास के लोगों से घरेलू गैस सिलेंडर लेकर उनमें से गैस निकालकर 14.2 किलो और 5 किलो के सिलेंडरों में भरकर अधिक दामों पर बेचता था।
छापेमारी के दौरान टीम ने मौके से कुल 17 घरेलू गैस सिलेंडर बरामद किए। इनमें इंडेन, भारत गैस और हिंदुस्तान पेट्रोलियम कंपनी के सिलेंडर शामिल हैं। जांच में कई सिलेंडरों में गैस भरी मिली, जबकि कुछ खाली पाए गए। सभी सिलेंडरों का वजन कराने पर भारी अनियमितताएं सामने आईं।
मौके से दो गैस रिफिलिंग मशीनें, एक इलेक्ट्रॉनिक वेटिंग मशीन, पेचकस और प्लास भी बरामद किए गए। अधिकारियों के अनुसार इन उपकरणों का इस्तेमाल सिलेंडरों की सील खोलने और अवैध गैस रिफिलिंग के लिए किया जा रहा था।
पूछताछ के दौरान दुकान संचालक कोई वैध लाइसेंस या अभिलेख प्रस्तुत नहीं कर सका। आपूर्ति विभाग ने बताया कि यह कार्य द्रवीकृत पेट्रोलियम गैस (प्रदाय एवं वितरण विनियमन) आदेश 2000 तथा आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 का सीधा उल्लंघन है।
फिलहाल विभाग द्वारा आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
