
99% अंक पाकर मंडल टॉप करने वाली साक्षी यादव का भव्य सम्मान






सर्वोदय पब्लिक स्कूल में आयोजित समारोह, मुख्य अतिथि अजय यादव बोले— मेहनत और निरंतरता ही सफलता की कुंजी
आजमगढ़। CBSE द्वारा 15 अप्रैल 2026 को घोषित हाईस्कूल परीक्षा परिणाम में सर्वोदय पब्लिक स्कूल, आजमगढ़ की छात्रा साक्षी यादव ने 99 प्रतिशत अंक प्राप्त कर मंडल में प्रथम स्थान हासिल किया। इस शानदार उपलब्धि से विद्यालय समेत पूरे जनपद में खुशी की लहर दौड़ गई।
इसी उपलब्धि के उपलक्ष्य में मंगलवार को विद्यालय परिसर में प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अजय यादव (डायरेक्टर, टोंस रियलिटी) का विद्यालय के प्रबंधक राजेंद्र प्रसाद यादव द्वारा अंगवस्त्र व स्मृति चिन्ह देकर स्वागत एवं सम्मान किया गया।
समारोह में मुख्य अतिथि अजय यादव ने साक्षी यादव को टैबलेट व स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। वहीं लव यादव ने रिया यादव, प्रियांश यादव और हर्षित यादव को ₹5100 का चेक व स्मृति चिन्ह देकर प्रोत्साहित किया। विद्यालय के अन्य मेधावी छात्रों को भी सम्मानित किया गया, जिससे छात्रों में उत्साह का माहौल बना रहा।
अपने संबोधन में अजय यादव ने कहा कि सफलता का मूल मंत्र कठिन परिश्रम, अनुशासन और निरंतर प्रयास है। उन्होंने सभी विद्यार्थियों को जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम में शिक्षकगण, अभिभावक व क्षेत्र के गणमान्य लोग मौजूद रहे। अंत में धन्यवाद ज्ञापन के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
