आजमगढ़ सड़क हादसे के बाद बवाल: बिना सूचना पोस्टमार्टम का आरोप, महिलाओं ने लगाया जाम

आजमगढ़ सड़क हादसे के बाद बवाल: बिना सूचना पोस्टमार्टम का आरोप


आजमगढ़। जिले के अहरौला थाना क्षेत्र के गौरी गांव के पास हुए सड़क हादसे के बाद पुलिस कार्रवाई को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया। हादसे में एक व्यक्ति की मौत के बाद परिजनों ने बिना सूचना शव पोस्टमार्टम भेजने का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया और अहरौला-बूढ़नपुर मार्ग जाम कर दिया।
जानकारी के अनुसार अतरौलिया थाना क्षेत्र के गोपालीपट्टी गांव निवासी अंबिका निषाद (40) वाराणसी काम पर जा रहे थे। गौरी गांव के पास सीमेंट और बालू लदे अनियंत्रित ट्रैक्टर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
आरोप है कि मौके पर पहुंची पुलिस ने परिजनों को बिना सूचना दिए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इसकी जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में परिजन और ग्रामीण थाने पहुंच गए और विरोध जताने लगे। परिजनों ने पुलिस पर ट्रैक्टर मालिक से सांठगांठ कर मामले को दबाने का आरोप लगाया।
हंगामे के बीच आक्रोशित महिलाओं ने अहरौला-बूढ़नपुर मार्ग पर साड़ी बांधकर सड़क जाम कर दिया, जिससे करीब 500 मीटर तक वाहनों की लंबी कतार लग गई। लगभग एक घंटे बाद समझाइश के बाद जाम समाप्त हुआ, लेकिन इस दौरान राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
मृतक अंबिका निषाद छह बेटियों और एक बेटे के पिता थे। उनकी एक बेटी की शादी जून में तय थी। वह पीओपी का काम कर परिवार का भरण-पोषण करते थे और इसी सिलसिले में वाराणसी जा रहे थे।
घटना के बाद परिजनों में कोहराम मचा हुआ है, वहीं क्षेत्र में पुलिस के प्रति आक्रोश बना हुआ है। परिजन पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!