फुले जयंती पर सपा कार्यालय में संगोष्ठी, सामाजिक न्याय के संकल्प दोहराने का लिया संकल्प







आजमगढ़।समाजवादी पार्टी कार्यालय में महात्मा ज्योतिबा राव फुले की जयंती उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धापूर्वक मनाई गई।

इस अवसर पर आयोजित गोष्ठी में लोकसभा में पार्टी के मुख्य सचेतक धर्मेंद्र यादव (सांसद) ने कहा कि महात्मा फुले का जीवन समाज के लिए प्रेरणा स्रोत है। उन्होंने जाति व लिंग आधारित भेदभाव के खिलाफ संघर्ष करते हुए महिलाओं की शिक्षा और समानता को बढ़ावा दिया तथा सत्यशोधक समाज की स्थापना कर सामाजिक परिवर्तन की मजबूत नींव रखी।
उन्होंने कहा कि ऐसे महापुरुषों के प्रयासों से प्रेरित होकर डॉ भीमराव अंबेडकर ने संविधान में दलितों और पिछड़ों के अधिकार सुनिश्चित किए। साथ ही भाजपा सरकार पर लोकतांत्रिक मूल्यों को कमजोर करने का आरोप लगाया।
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के नेतृत्व में पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) वर्ग को संगठित करने का संकल्प दोहराया गया। वक्ताओं ने 2027 में सामाजिक न्याय की स्थापना का लक्ष्य बताया।
गोष्ठी में जी.एस. प्रियदर्शी ने भी अपने विचार रखे। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष हवलदार यादव ने की तथा संचालन अजीत कुमार राव ने किया। इस दौरान कई जनप्रतिनिधि व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
