
बरदह थाना क्षेत्र में देर रात की घटना, सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस



आजमगढ़। बरदह थाना क्षेत्र के जौनपुर-आजमगढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित जीवली पेट्रोल पंप के पास रामा हॉस्पिटल के समीप संचालित एक शुद्ध शाकाहारी ढाबे पर शुक्रवार देर रात कथित दबंगई का मामला सामने आया है। ढाबा संचालक ने काली स्कॉर्पियो से आए तीन युवकों पर भोजन का बिल देने से इंकार करने, खुद को भाजपा नेता बताकर धमकाने तथा उनके और उनकी पत्नी के साथ मारपीट व अभद्रता करने का आरोप लगाया है। पीड़ित पक्ष ने बरदह थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
ढाबा संचालक चंद्र प्रकाश मौर्य के अनुसार, शुक्रवार रात करीब 11 से 12 बजे के बीच तीन युवक काली स्कॉर्पियो से ढाबे पर पहुंचे। उन्होंने पहले 14 स्पेशल शाकाहारी थालियां पैक कराईं और वाहन में रखवा दीं। इसके बाद तीन स्पेशल थालियां ढाबे पर बैठकर खाईं। भोजन समाप्त होने पर जब बिल का भुगतान मांगा गया तो आरोप है कि युवकों ने रुपये देने से इंकार कर दिया और खुद को भाजपा नेता बताते हुए कहा कि उनका कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता।
संचालक का आरोप है कि विरोध करने पर तीनों युवक आक्रामक हो गए और उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान उनके बच्चे को उठाकर पटकने का प्रयास किया गया तथा उनकी पत्नी लक्ष्मी मौर्य के साथ अभद्रता और बदसलूकी की गई। साथ ही जान से मारने की धमकी भी दी गई।
चंद्र प्रकाश मौर्य का कहना है कि आत्मरक्षा में उन्होंने डंडे से वार किया, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच हाथापाई हुई। इसी दौरान उनकी पत्नी ने बरदह पुलिस को फोन कर घटना की सूचना दी। पीड़ित पक्ष के मुताबिक, पुलिस के आने की जानकारी मिलने पर आरोपी मामला शांत कराने लगे और लगभग तीन हजार रुपये का भुगतान कर स्कॉर्पियो से बरदह की ओर फरार हो गए।
सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर पीड़ितों से जानकारी जुटाई। शनिवार को लक्ष्मी मौर्य ने बरदह थाने में लिखित तहरीर देकर आरोपियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की।
थानाध्यक्ष राजीव कुमार सिंह ने बताया कि तहरीर प्राप्त हो गई है। घटनास्थल एवं आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की जा रही है। आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
