
फर्जी दवा खरीद, रिटेल बिक्री में हेराफेरी और फर्जी रिफंड क्लेम से लाखों की आर्थिक क्षति का आरोप



आजमगढ़। शहर के एक निजी अस्पताल में लाखों रुपये के कथित गबन और धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। अस्पताल प्रबंधन की तहरीर पर कोतवाली थाना पुलिस ने पूर्व कर्मचारी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार आनंद हॉस्पिटल, आनंद मेडिकल्स एवं बबी मेडिकल्स के प्रभारी डॉ. आनंद सिंह ने पुलिस को दी गई तहरीर में आरोप लगाया है कि उनके यहां कार्यरत रहे संतोष कुमार चौधरी उर्फ संतोष कुमार, निवासी दलसिंगार, आजमगढ़, को दवाओं की खरीद, स्टोर प्रबंधन, सप्लाई प्लेसमेंट तथा मेडिकल स्टोर संचालन की जिम्मेदारी सौंपी गई थी।
तहरीर के मुताबिक रिकॉर्ड की जांच के दौरान यह सामने आया कि आरोपी ने अपने पद और विश्वास का दुरुपयोग करते हुए फर्जी एवं अनावश्यक दवाओं की खरीद कराई, रिटेल बिक्री से प्राप्त धनराशि का गबन किया तथा मरीजों के नाम पर फर्जी रिफंड क्लेम तैयार कर संस्थान को आर्थिक नुकसान पहुंचाया। आरोप है कि आरोपी ने अपनी मां के नाम से संचालित फर्म एम/एस श्री साईं के माध्यम से संदिग्ध सप्लाई दिखाकर भी वित्तीय अनियमितताएं कीं।
अस्पताल प्रबंधन का दावा है कि इन कृत्यों से संस्थान को लगभग 12 लाख रुपये की आर्थिक क्षति हुई है। तहरीर में यह भी उल्लेख किया गया है कि पूछताछ के दौरान आरोपी ने कथित रूप से अपनी गलती स्वीकार करते हुए सुरक्षा के तौर पर एक टाटा टियागो कार और एक होंडा एक्टिवा अस्पताल प्रबंधन के पास जमा कराई थी। साथ ही नुकसान की भरपाई के लिए उसकी माता द्वारा संपत्ति का हिस्सा हस्तांतरित करने पर भी सहमति जताए जाने की बात कही गई है।
कोतवाली पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
