प्रोटोकॉल आज दिन में 1 बजे का, इंतजार घंटों का! क्या बड़े नेताओं के लिए कार्यकर्ता, पुलिस और पत्रकारों के समय की कोई कीमत नहीं?

प्रोटोकॉल आज दिन में 1 बजे का, इंतजार घंटों का! क्या बड़े नेताओं के लिए कार्यकर्ता, पुलिस और पत्रकारों के समय की कोई कीमत नहीं?
आजमगढ़ से विशेष टिप्पणी


आजमगढ़ में उत्तर प्रदेश सरकार के पूर्व मंत्री चंद्रदेव राम यादव (करैली) की पुत्री के विवाह समारोह में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के आगमन का समय दोपहर 1 बजे निर्धारित किया गया था। कार्यक्रम का पूरा प्रोटोकॉल पहले से जारी किया गया और उसी के अनुरूप प्रशासन, पुलिस, कार्यकर्ता, पत्रकार तथा आयोजन समिति ने अपनी तैयारियां पूरी कर ली थीं।
लेकिन निर्धारित समय बीत जाने के बाद भी अखिलेश यादव काफी देर तक कार्यक्रम स्थल पर नहीं पहुंचे। इस दौरान भीषण गर्मी और तेज धूप में पुलिसकर्मी, कार्यकर्ता, पत्रकार और आम लोग घंटों तक इंतजार करते रहे।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या बड़े पद पर पहुंचने के बाद नेताओं के लिए दूसरों के समय का महत्व कम हो जाता है? क्या जो कार्यकर्ता दिन-रात पार्टी के लिए मेहनत करते हैं, वे केवल भीड़ जुटाने का माध्यम भर हैं? क्या पुलिस प्रशासन, जो सुरक्षा व्यवस्था में घंटों धूप में खड़ा रहता है, उसके समय और मेहनत का कोई मूल्य नहीं?
कार्यक्रम स्थल पर व्यवस्था पूरी तरह की गई थी, लेकिन तेज गर्मी के बीच बड़ी संख्या में लोग पेड़ों की छांव तलाशते नजर आए। कई लोग लंबे इंतजार से परेशान दिखे। इसके बावजूद कार्यकर्ता अपने नेता के स्वागत के लिए डटे रहे।
लोकतंत्र में नेता और कार्यकर्ता का रिश्ता सम्मान और विश्वास का होता है। समय की पाबंदी केवल आम नागरिकों के लिए नहीं, बल्कि जनप्रतिनिधियों के लिए भी उतनी ही महत्वपूर्ण होनी चाहिए। यदि किसी कारणवश देरी हो, तो इसकी सूचना समय रहते दी जानी चाहिए ताकि अनावश्यक इंतजार और असुविधा से बचा जा सके।
यह सवाल केवल अखिलेश यादव से नहीं, बल्कि उन सभी बड़े नेताओं से है जो तय समय से काफी देर बाद कार्यक्रमों में पहुंचते हैं। आखिर कार्यकर्ताओं, पुलिसकर्मियों, पत्रकारों और आम जनता के समय और सम्मान की जिम्मेदारी कौन लेगा?
लोकतंत्र में पद बड़ा हो सकता है, लेकिन समय और सम्मान सभी का बराबर होना चाहिए

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!