
आजमगढ़। लायंस क्लब इंटरनेशनल आजमगढ़ के सदस्यों ने गुरुवार को केंद्रीय होम्योपैथी परिषद के पूर्व सदस्य एवं प्रख्यात होम्योपैथिक चिकित्सक डॉ. भक्तवत्सल के नेतृत्व में सर्किट हाउस पहुंचकर राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष एवं दर्जा प्राप्त राज्य मंत्री बबीता चौहान से शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान महिला सशक्तिकरण, सामाजिक उत्थान, पर्यावरण संरक्षण तथा जनपद के पारंपरिक उद्योगों के विकास सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई। बाद में सभी ने सर्किट हाउस परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प दोहराया।



मुलाकात के दौरान लायंस क्लब के अध्यक्ष ओम अग्रवाल ने बबीता चौहान को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया। वहीं लायन अशोक कुमार श्रीवास्तव, कोषाध्यक्ष रवि जायसवाल एवं सचिव सुनील अग्रवाल ने बुके भेंट कर उनका स्वागत किया।
बबीता चौहान ने लायंस क्लब द्वारा समाज सेवा, स्वास्थ्य जागरूकता और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे सामाजिक संगठन समाज के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि संगठन आगे भी जनहित और पर्यावरण संरक्षण के कार्यों में सक्रिय योगदान देता रहेगा।
चर्चा के दौरान ‘एक जनपद एक उत्पाद’ योजना के अंतर्गत चयनित निजामाबाद की विश्व प्रसिद्ध ब्लैक पॉटरी और मुबारकपुर के साड़ी उद्योग का मुद्दा भी प्रमुखता से उठा। डॉ. भक्तवत्सल ने कहा कि इन दोनों उद्योगों ने आजमगढ़ को राष्ट्रीय ही नहीं बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाई है। सरकार द्वारा इन उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए किए जा रहे प्रयास सराहनीय हैं, लेकिन इनके व्यापक विकास और प्रोत्साहन के लिए अभी और कदम उठाने की आवश्यकता है।
उन्होंने कहा कि लायंस क्लब अपने सेवा कार्यों के लिए विश्वभर में जाना जाता है। स्वास्थ्य सेवाओं को गांव-गांव तक पहुंचाने, निशुल्क चिकित्सा शिविर आयोजित करने तथा पर्यावरण संरक्षण के लिए पौधारोपण जैसे कार्यों में संगठन लगातार सक्रिय है। बरसात शुरू होते ही जिलेभर में व्यापक पौधारोपण अभियान चलाया जाएगा और मौसमी बीमारियों से बचाव के लिए निशुल्क स्वास्थ्य शिविर भी लगाए जाएंगे।
अध्यक्ष ओम अग्रवाल ने कहा कि संगठन का उद्देश्य स्वस्थ, समृद्ध और स्वच्छ भारत के निर्माण में योगदान देना है। इसी लक्ष्य को लेकर अधिक से अधिक पौधे लगाने और जनजागरूकता फैलाने का अभियान चलाया जाएगा।
लायन अशोक श्रीवास्तव ने कहा कि बढ़ते प्रदूषण और पर्यावरणीय चुनौतियों के बीच पर्यावरण संरक्षण आज समय की सबसे बड़ी आवश्यकता बन गया है। इसके लिए समाज के प्रत्येक व्यक्ति को आगे आकर योगदान देना होगा।
कार्यक्रम के अंत में बबीता चौहान, विधान परिषद सदस्य उमेश द्विवेदी, डॉ. भक्तवत्सल, ओम अग्रवाल, रवि जायसवाल, सुनील अग्रवाल, शशिभूषण अग्रवाल, विजय श्रीवास्तव, रजनीश सिंह तथा डॉ. अनुतोष वत्सल समेत अन्य लोगों ने सर्किट हाउस परिसर में पौधारोपण कर हरित पर्यावरण का संदेश दिया।
