
आजमगढ़ पुलिस लाइन में 594 महिला आरक्षियों की दीक्षांत परेड सम्पन्न, मान्या मौर्या बनीं सर्वांग सर्वोत्तम





आजमगढ़। पुलिस लाइन में रविवार को 594 महिला रिक्रूट आरक्षियों की भव्य दीक्षांत परेड समारोह गरिमा और अनुशासन के साथ सम्पन्न हुआ। मुख्य अतिथि डीआईजी आजमगढ़ सुनील कुमार सिंह ने परेड की सलामी ली और 20 टोलियों का निरीक्षण किया। इस अवसर पर सभी महिला आरक्षियों को कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन और ईमानदारी के साथ सेवा करने की शपथ दिलाई गई।
यह 9 माह का आधारभूत प्रशिक्षण 21 जुलाई 2025 से प्रारंभ हुआ था, जिसमें आजमगढ़ की 235, गाजीपुर की 204, मऊ की 104 तथा भदोही की 51 महिला आरक्षियों ने भाग लिया। प्रशिक्षण के दौरान अभ्यर्थियों को कानून, पुलिस विज्ञान, शारीरिक दक्षता, शस्त्र संचालन, भीड़ नियंत्रण और साइबर क्राइम सहित कुल 18 विषयों में कठोर प्रशिक्षण दिया गया।
समारोह का आयोजन वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में हुआ। मुख्य अतिथि ने अपने संबोधन में कहा कि पुलिस सेवा केवल नौकरी नहीं, बल्कि समाज के प्रति बड़ी जिम्मेदारी है, और महिला आरक्षियों को अनुशासन व जनसेवा के मार्ग पर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
दीक्षांत परेड में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली 19 महिला आरक्षियों को सम्मानित किया गया। मान्या मौर्या ने सर्वांग सर्वोत्तम का खिताब जीता, जबकि पूजा अस्थाना बाह्य कक्षीय प्रशिक्षण में अव्वल रहीं। परेड कमांडर के रूप में गीतांजली शर्मा प्रथम, नमिता यादव द्वितीय और प्राची यादव तृतीय स्थान पर रहीं।
इसके अलावा विभिन्न विषयों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली आरक्षियों के साथ-साथ प्रशिक्षकों—राजेन्द्र कुमार, प्रकाश कुमार और संजय कुमार—को भी सम्मानित किया गया। उद्घोषणा के लिए पुलिस उपाधीक्षक शशिमौली पाण्डेय एवं अभय तिवारी को भी पुरस्कार प्रदान किया गया।
