एक मामले की पैरवी करने पहुंचे थे, कि जमीन पर गिरते ही निकल गया प्राण

एक मामले की पैरवी करने पहुंचे थे, जमीन पर गिरते ही उड़े प्राण पखेरू

आजमगढ़। जनपद में शुक्रवार सुबह करीब दस बजे एक वृद्ध की थाना परिसर में अचानक मौत हो गई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

मृतक की पहचान सुरजीपुर गांव निवासी मोहम्मद सलीम के रूप में हुई है, जो एक मामले की पैरवी के लिए थाने पहुंचे थे। जानकारी के अनुसार मोहम्मद सलीम अपने परिचित राजेश यादव निवासी खानपुर भगतपट्टी, थाना बिलरियागंज के साथ बाइक से महराजगंज थाने आए थे। दोनों लोग थापरिसर में वाहन खड़ा कर गेट के सामने स्थित एक दुकान पर चाय पीने चले गए। चाय पीकर जैसे ही वे वापस लौटे, सलीम अचानक गिर पड़े। घटना के बाद मौके पर हड़कंप मच गया। आसपास मौजूद लोगों की मदद से उनके साथी ने तत्काल एक ऑटो की व्यवस्था कर उन्हें नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। स्वास्थ्य केंद्र पर पहुंचे परिजन शुरू में पोस्टमार्टम कराने से इंकार कर रहे थे, लेकिन पुलिस के समझाने और दबाव के बाद वे तैयार हो गए। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। थाना प्रभारी केदारनाथ मौर्य के अनुसार परिजनों ने बताया कि मृतक लंबे समय से हृदय संबंधी बीमारी से ग्रसित थे और उनका इलाज चल रहा था। प्रथम दृष्टया हार्ट अटैक से मौत की आशंका जताई जा रही है, हालांकि वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। घटना के बाद परिजनों में शोक की लहर है और उनका रो-रोकर बुरा हाल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!