दारा सिंह चौहान की पहल पर हटा अमोड़ा टोल का कथित अवैध बैरियर, लोगों को मिली बड़ी राहत

मंत्री के हस्तक्षेप के बाद प्रशासन की कार्रवाई, किसानों, व्यापारियों और स्कूली वाहनों का आवागमन हुआ सुगम

आजमगढ़। मोहम्मदपुर-फरिहा मार्ग पर अमोड़ा टोल नाके के पास लगाए गए कथित अवैध बैरियर को प्रशासन ने हटा दिया है। इस बैरियर के कारण लंबे समय से स्थानीय लोगों, किसानों, व्यापारियों, स्कूली वाहनों, एम्बुलेंस और मालवाहक वाहनों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।
क्षेत्रीय जनता ने अपनी समस्या उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री दारा सिंह चौहान के समक्ष रखी। मंत्री ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी, मंडलायुक्त तथा संबंधित अधिकारियों से वार्ता की और शासन स्तर पर भी इस मुद्दे को उठाया।
मंत्री के हस्तक्षेप के बाद प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए मार्ग पर लगाए गए कथित अवैध बैरियर को हटवा दिया। बैरियर हटने से क्षेत्र के लोगों में खुशी का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि अब किसानों को अपनी उपज बाजार तक ले जाने, व्यापारियों को माल की ढुलाई करने तथा स्कूली बसों और एम्बुलेंस के आवागमन में किसी प्रकार की अनावश्यक बाधा का सामना नहीं करना पड़ेगा।
स्थानीय लोगों, व्यापारियों और वाहन चालकों ने इस पहल के लिए कैबिनेट मंत्री दारा सिंह चौहान का आभार व्यक्त करते हुए इसे जनहित में उठाया गया महत्वपूर्ण कदम बताया। वहीं सामाजिक और राजनीतिक क्षेत्र के लोगों का कहना है कि जनसमस्याओं के समाधान के प्रति मंत्री की सक्रियता से आम जनता को सीधी राहत मिली है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!