
मोहर्रम को लेकर प्रशासन सतर्क



जमगढ़। आगामी मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में सम्पन्न कराने के उद्देश्य से गुरुवार को थाना कोतवाली परिसर में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रशासन, पुलिस, ताजियादारों, अखाड़ा उस्तादों एवं विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने पर्व की तैयारियों और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विस्तृत चर्चा की।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में आयोजित इस बैठक में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली एवं नायब तहसीलदार नगर ने ताजियादारों और अखाड़ा उस्तादों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं एवं सुझावों को गंभीरता से सुना। अधिकारियों ने संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए समयबद्ध समाधान का आश्वासन दिया।
बैठक के दौरान मोहर्रम के जुलूस मार्ग, सुरक्षा व्यवस्था, विद्युत आपूर्ति, साफ-सफाई, बैरिकेडिंग तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं पर भी विस्तार से चर्चा की गई। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि पर्व के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता होगी और किसी भी प्रकार की अफवाह या माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वाले तत्वों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
अधिकारियों ने सभी समुदायों से आपसी भाईचारा, सामाजिक सौहार्द और शांति बनाए रखते हुए मोहर्रम पर्व मनाने की अपील की। साथ ही लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने तथा किसी भी संदिग्ध सूचना की तत्काल पुलिस को जानकारी देने का आग्रह किया गया।
बैठक में नगर पालिका, विद्युत विभाग सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एवं क्षेत्र के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। प्रशासन ने भरोसा दिलाया कि सभी आवश्यक तैयारियां समय रहते पूरी कर मोहर्रम पर्व को सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराया जाएगा।
