
अखिलेश की बेटी पर आपत्तिजनक टिप्पणी पर सख्त हुए सीएम योगी, बोले-“तुरंत करें FIR



आजमगढ़। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को आजमगढ़ में आयोजित कार्यक्रम के दौरान समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की पुत्री के खिलाफ सोशल मीडिया पर की गई आपत्तिजनक टिप्पणी के मामले का उल्लेख करते हुए कहा कि बेटियों के सम्मान से कोई समझौता नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि जैसे ही यह मामला उनके संज्ञान में आया, उन्होंने तत्काल पुलिस को एफआईआर दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए थे।
मुख्यमंत्री ने कहा, “बेटी के खिलाफ किसी भी प्रकार की अभद्र और आपत्तिजनक टिप्पणी स्वीकार नहीं की जा सकती। जैसे ही मुझे इसकी जानकारी मिली, मैंने तुरंत पुलिस को कार्रवाई के निर्देश दिए।”
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि वह ऐसे संस्कारों में पले-बढ़े हैं, जहां यह माना जाता है कि “गांव की बेटी, सबकी बेटी होती है और गांव की बहन, सबकी बहन होती है।” इसलिए इस मामले में बिना किसी भेदभाव के कानून के अनुसार कार्रवाई सुनिश्चित की गई।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने समाजवादी पार्टी पर भी निशाना साधते हुए कहा कि दूसरों को सीख देने से पहले अपने समर्थकों और कार्यकर्ताओं को भी मर्यादित भाषा और शालीन व्यवहार का पाठ पढ़ाना चाहिए। उन्होंने कहा कि महिलाओं, बेटियों, बुजुर्गों, दिव्यांगजनों और वरिष्ठ नेताओं के प्रति सम्मानजनक भाषा का प्रयोग लोकतांत्रिक राजनीति की मूल आवश्यकता है।
मुख्यमंत्री ने व्यंग्यात्मक अंदाज में कहा, “अच्छा होगा कि आप उन्हें समझाइए। यदि आप नहीं समझा सकते तो उन्हें हमारे पास भेज दीजिए, हम उन्हें अच्छी तरह से समझा देंगे।”
