
फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बनाकर युवती का किया शोषण, शादी तुड़वाने की साजिश में आरोपी गिरफ्तार।



आजमगढ़। निजामाबाद थाना पुलिस ने अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी देकर एक युवती का शोषण करने और उसकी शादी में बाधा उत्पन्न करने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन भी बरामद किया है।पुलिस के अनुसार, 27 मई 2026 को प्राप्त तहरीर के आधार पर थाना निजामाबाद में श्रीकांतपुर निवासी सरवन कुमार यादव के विरुद्ध संबंधित धाराओं एवं एससी/एसटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। आरोप है कि आरोपी ने फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बनाकर पीड़िता की शादी तुड़वाने का प्रयास किया। साथ ही अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी देकर उसका मानसिक एवं सामाजिक शोषण किया।मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस द्वारा जांच शुरू की गई। जांच के दौरान उपनिरीक्षक मयंक कृष्ण उपाध्याय एवं उनकी टीम ने मुखबिर की सूचना पर 3 जून को रानी की सराय बाईपास क्षेत्र से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके पास से घटना में प्रयुक्त एक मोबाइल फोन भी बरामद किया है।पुलिस अधिकारियों के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ नियमानुसार अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक मयंक कृष्ण उपाध्याय, हेड कांस्टेबल हौसिलानंद यादव तथा कांस्टेबल कृष्णचंद्र शामिल रहे।
