
आजमगढ़। जनपद के मुबारकपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत रानीपुर गांव में रविवार देर रात सनसनीखेज वारदात से इलाके में दहशत फैल गई। बाइक से जा रहे दो युवकों पर अज्ञात बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोली लगने से दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।




आनन-फानन में उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरे का इलाज जारी है।
मृतक की पहचान सुशील निवासी कोढ़वा गांव थाना जहानागंज के रूप में हुई है। वहीं घायल युवक पिंटू यादव बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार पिंटू को गोली छूते हुए निकल गई, जिससे वह घायल हो गया और उसका इलाज चल रहा है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बदमाशों ने बाइक सवार युवकों को निशाना बनाकर कई राउंड फायरिंग की और वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गए। घटना के बाद रानीपुर गांव समेत आसपास के इलाकों में भय और तनाव का माहौल है।
स्थानीय लोगों के बीच चर्चा है कि मामला प्रॉपर्टी विवाद से जुड़ा हो सकता है। बताया जा रहा है कि पहले भी संबंधित पक्षों के बीच विवाद और धमकियों की सूचना पुलिस को दी गई थी। हालांकि पुलिस ने अभी तक किसी भी कारण की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। इसके बाद उन्होंने अस्पताल पहुंचकर घायल युवक से घटना की जानकारी ली।
पुलिस ने मामले के खुलासे के लिए चार टीमों का गठन किया है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है तथा प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ की जा रही है। एसएसपी ने कहा कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
घटना के बाद इलाके में भारी पुलिस बल तैनात कर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और गांव में लगातार निगरानी रखी जा रही है।
