रहमनिया मोड़ पर दर्दनाक सड़क हादसा: बाइक सवार मामा-भांजे की मौत, ई-रिक्शा चालक की हालत गंभीर

रहमनिया मोड़ पर दर्दनाक सड़क हादसा: बाइक सवार मामा-भांजे की मौत, ई-रिक्शा चालक गंभीर घायल
आजमगढ़ जनपद के रौनापार थाना क्षेत्र अंतर्गत शनिवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार मामा-भांजे की मौत हो गई, जबकि ई-रिक्शा चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मृतकों के परिवार में कोहराम मच गया और गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार चांदपट्टी फतेहपुर गांव निवासी आशीष कुमार (32) पुत्र स्वर्गीय मंगरु प्रसाद अपने भांजे आर्यन कुमार (18) पुत्र चंदन राम निवासी देवारा कदीम थाना महराजगंज के साथ बाइक से घर लौट रहे थे। जैसे ही वे रहमनिया मोड़ के पास पहुंचे, विपरीत दिशा से आ रहे ई-रिक्शा ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि आशीष कुमार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल आर्यन कुमार ने अस्पताल ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया। वहीं ई-रिक्शा चालक मोती राम पुत्र देवनरायन राम निवासी मार्हा कर्मनाथपट्टी गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसका अस्पताल में उपचार चल रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही उत्तर प्रदेश पुलिस की रौनापार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतक आशीष कुमार की माता लालमुनी देवी ने ई-रिक्शा चालक पर लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है और कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
थानाध्यक्ष सुनील कुमार दुबे ने बताया कि परिजनों से तहरीर प्राप्त कर ली गई है तथा मामले में विधिक कार्रवाई की
जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!