पैतृक जमीन पर दबंग का कब्जा, विरोध करने पर महिला से अभद्रता

पैतृक जमीन पर दबंग का कब्जा, विरोध करने पर महिला से की घोर अभद्रता

न्याय की आस में एसपी कार्यालय पहुंचा पीड़ित परिवार
आजमगढ़। जनपद में भू-माफियाओं और दबंगों के हौसले लगातार बढ़ते नजर आ रहे हैं। अब हालात ऐसे हो गए हैं कि आम लोगों की पैतृक संपत्तियों पर भी अवैध कब्जे के मामले सामने आने लगे हैं। ताजा मामला थाना सिधारी क्षेत्र के हैदराबाद छतवारा गांव का है, जहां एक पीड़ित परिवार ने दबंगई और पुलिस की उदासीनता से परेशान होकर पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर न्याय की गुहार लगाई।
पीड़ित शिवम यादव ने आरोप लगाया कि गांव का ही एक दबंग व्यक्ति, जो पेशे से कसाई बताया जा रहा है, उसकी पैतृक जमीन पर जबरन मुर्गा मीट की गुमटी रखकर अवैध कब्जा किए हुए है। शिवम के अनुसार जब उसकी मां ने इस कब्जे का विरोध किया तो आरोपी भड़क उठा और महिला के साथ सरेआम गाली-गलौज करते हुए अभद्र व्यवहार किया। इतना ही नहीं, मारपीट की धमकी देकर पूरे परिवार को भयभीत करने का भी आरोप लगाया गया है।
पीड़ित परिवार का कहना है कि मामले की शिकायत लेकर जब वे थाना सिधारी पहुंचे तो वहां भी उन्हें राहत नहीं मिली। आरोप है कि स्थानीय पुलिस ने शिकायत को गंभीरता से नहीं लिया, जिससे दबंग का मनोबल और बढ़ गया।
पुलिस और प्रशासनिक कार्रवाई से निराश पीड़ित परिवार सोमवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचा, जहां उन्होंने प्रार्थना पत्र देकर न्याय की मांग की। पीड़ित ने प्रशासन से गुहार लगाई है कि उसकी पैतृक जमीन को अवैध कब्जे से मुक्त कराया जाए तथा उसकी मां के साथ अभद्रता करने वाले आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।
अब देखना यह होगा कि पुलिस प्रशासन इस मामले में कितनी तत्परता दिखाता है और पीड़ित परिवार को न्याय मिल पाता है या नहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!