
14 साल बाद भी संतान न होने पर प्रताड़ना! संदिग्ध हालात में विवाहिता की मौत, पति समेत 3 पर हत्या का मुकदमा






आजमगढ़।अतरौलिया थाना क्षेत्र के रतुवापार गांव में रिश्तों को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है, जहां शादी के 14 साल बाद भी संतान न होने के कारण कथित प्रताड़ना झेल रही एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मायके पक्ष की शिकायत और शरीर पर मिले चोट के निशानों के आधार पर पुलिस ने पति समेत तीन लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
जानकारी के अनुसार, जीयनपुर थाना क्षेत्र के जमीन हरखोरी धनछुला गांव निवासी 36 वर्षीय सिम्पी सिंह की शादी करीब 14 वर्ष पहले रतुवापार निवासी पंकज सिंह से हुई थी। आरोप है कि संतान न होने को लेकर पति और ससुराल पक्ष अक्सर सिम्पी को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित करते थे, जिससे घर में आए दिन विवाद होता था।
बताया जा रहा है कि बीती रात संदिग्ध परिस्थितियों में सिम्पी की मौत हो गई। ससुराल पक्ष ने मामले को छिपाने की कोशिश करते हुए सुबह जल्दबाजी में अंतिम संस्कार की तैयारी शुरू कर दी। इसी बीच, शादी में मध्यस्थ रहे एक व्यक्ति ने मृतका के भाई को फोन कर घटना की सूचना दी, जिसके बाद मायके पक्ष मौके पर पहुंच गया।
मृतका के भाई अनूप कुमार सिंह के अनुसार, सिम्पी के शरीर और पेट पर गंभीर चोट के निशान थे, जो हादसे की कहानी पर सवाल खड़े करते हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
वहीं ससुराल पक्ष का कहना है कि सिम्पी रात में हैंडपंप पर पानी लेने गई थी, जहां गिरने से उसके सिर में चोट लग गई और उसकी मौत हो गई। हालांकि, मायके पक्ष ने इसे साजिशन हत्या बताया है।
मृतका के पिता सूर्य प्रकाश सिंह की तहरीर पर पुलिस ने पति पंकज सिंह, देवर विनय सिंह और सास के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
थानाध्यक्ष देवेंद्र नाथ दुबे ने बताया कि सूचना मिलते ही फॉरेंसिक टीम को मौके पर बुलाकर साक्ष्य जुटाए गए हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर मौत के कारणों की पुष्टि होगी और आगे की कार्रवाई की जाएगी।
