ईरान में भारतीयों को तुरंत देश छोड़ने की सलाह, तेहरान स्थित भारतीय दूतावास का आदेश







सीजफायर के बावजूद सुरक्षा स्थिति अनिश्चित, दूतावास से समन्वय कर तय रूट से ही निकलने का निर्देश
तेहरान स्थित भारतीय दूतावास ने 8 अप्रैल को नई एडवाइजरी जारी कर ईरान में मौजूद भारतीय नागरिकों से जल्द से जल्द देश छोड़ने की सलाह दी है। दूतावास ने कहा है कि 7 अप्रैल की एडवाइजरी के क्रम में हालिया घटनाक्रम को देखते हुए भारतीय नागरिक दूतावास के समन्वय से और उसके सुझाए मार्गों का उपयोग करते हुए शीघ्र ईरान से बाहर निकलें।
दूतावास ने चेतावनी दी है कि बिना पूर्व अनुमति और समन्वय के किसी भी अंतरराष्ट्रीय भूमि सीमा की ओर न जाएं। निकासी के लिए व्यावसायिक उड़ानों सहित उपलब्ध परिवहन साधनों का उपयोग किया जा सकता है, लेकिन केवल दूतावास द्वारा सुझाए गए रूट्स से ही यात्रा करें।
हाल ही में ईरान और अमेरिका के बीच 14 दिन के युद्धविराम की घोषणा हुई है, लेकिन सुरक्षा स्थिति अभी भी अनिश्चित मानी जा रही है। इसी कारण भारतीय दूतावास ने नागरिकों को सावधानी बरतने और जल्द सुरक्षित निकासी की सलाह दी है।
विदेश मंत्रालय ने भी युद्धविराम का स्वागत करते हुए पश्चिम एशिया में स्थायी शांति की उम्मीद जताई है, साथ ही स्ट्रेट ऑफ हरमुज में नौवहन की स्वतंत्रता बनाए रखने पर जोर दिया है। दूतावास ईरान में मौजूद भारतीय छात्रों, व्यापारियों और अन्य नागरिकों की सुरक्षित वापसी के लिए लगातार समन्वय कर रहा है।
