
शिकायतों के निस्तारण में आजमगढ़ पुलिस प्रदेश में अव्वल



मार्च माह की रैंकिंग में जनपद को प्रथम स्थान, सभी 24 थाने भी अपनी-अपनी श्रेणी में नंबर वन
आजमगढ़। शिकायतों के समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के मामले में आजमगढ़ पुलिस ने प्रदेश स्तर पर पहला स्थान हासिल किया है। माह मार्च में प्राप्त शिकायती प्रार्थना पत्रों के निस्तारण के आधार पर जारी प्रदेश स्तरीय रैंकिंग में जनपद आजमगढ़ को प्रथम स्थान मिला है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने बताया कि निर्धारित मानकों के अनुसार की गई समीक्षा में यह उपलब्धि हासिल हुई है। विशेष बात यह है कि इसी आधार पर जनपद के सभी 24 थानों ने भी अपनी-अपनी श्रेणी में प्रदेश स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त किया है।
उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि जनपद पुलिस के समर्पित, संवेदनशील और प्रभावी कार्य का परिणाम है। शिकायतों के त्वरित और पारदर्शी निस्तारण को लेकर पुलिस लगातार प्रयासरत है, जिससे आम जनता को त्वरित न्याय और राहत मिल सके।

